भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि देश के सभी किसान संगठनों के आह्वान पर पांच सितंबर को किसान महापंचायत का आयोजन मुजफ्फरनगर में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर जीआईसी में पांच सितंबर को किसान महापंचायत रखी गई है।कल गठवाला खाप के गांव सरनावली में गठवाला खाप की पंचायत हुई,जिसमे गठवाला खाप के पांच थांबेदारों ने किसान आंदोलन का समर्थन भी किया।

नरेश टिकैत ने कहा की गठवाला खाप ने हमेशा सभी किसान आंदोलन और किसानों की समस्याओं को लेकर कंधे से कंधा मिलाकर चलने का काम किया है। इस खाप के लोग बहुत बहादुर हैं। नए कृषि कानून लागू होने के बाद पूरे देश के किसान बर्बाद हो जायेंगे। जमीन किसान की माता और किसान की पहचान है। अगर यही पहचान भी चली गई तो सब कुछ चला जाएगा। किसान की भावी पीढ़ी हमें कभी माफ नहीं करेगी। देश के किसान की समस्या के लिए गाजीपुर बॉर्डर पर देश के सभी किसान संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता नौ महीने से आंदोलन कर रहे हैं। इस सरकार को घमंड हो गया है ,इसलिए ये सरकार किसानों की आवाज नहीं सुन रही है।